भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने रविवार को यमुना घाटी क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नौगांव, बड़कोट, पुरोला आदि स्थानों में जनसभाओं में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते ही आज हर वर्ग का व्यक्ति 2022 में पुन: भाजपा की सरकार बनाने की इच्छा जता रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है। जहां हर एक कार्यकर्ता को उसकी काबिलियत के आधार पर जिम्मेदारी सौंपी जाती है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों पर नागरिकता संशोधन कानून पर भ्रामक प्रचार करके देश का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया।
जनसभा के दौरान यमुनोत्री विधायक केदार रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश चौहान, मीना रावत, सुनीता नौटियाल, शशिमोहन राणा, नारायण सिंह चौहान, हरपाल रावत, जसपाल परमार, कुलदीप कुमार, राजेंद्र भंडारी, मनवीर चौहान, अम्मीचंद शाह, राजेंद्र गैरोला, सुनील भंडारी, राजपाल पंवार, जगवीर भंडारी, परशुराम जगूड़ी, संदीप राणा, सत्येंद्र राणा, श्याम डोभाल, मनमोहन चौहान आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रदेश अध्यक्ष को बताई जिला बनाने की मांग
बड़कोट। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के भ्रमण के दौरान जनता ने पूर्व में घोषित जिलों को अस्तित्व में लाने की मांग उठाई। जिला बनाओ आंदोलन के नेता अब्बल चंद कुमाई ने प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर बताया कि 15 अगस्त 2011 में तत्कालीन सीएम रमेश पोखरियाल निशंक ने यमुनोत्री, कोटद्वार, रानीखेत व डीडीहाट को जिला बनाने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। प्रदेश अध्यक्ष ने जल्द ही संगठन व सरकार के आगे जिलों का गठन कराने की बात रखने का भरोसा दिया।